अयोध्या। राम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ निरंतर बढ़ती जा रही है। पिछले तीन दिनों के भीतर राम मंदिर में 10 लाख श्रद्धालु दर्शन पूजन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए राम मंदिर परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र की क्षमता बढ़ाने पर निर्णय हुआ है। मंगलवार को राम मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव ने राम मंदिर ट्रस्ट के इंजीनियरों व सुरक्षा
एजेंसियों के साथ राम मंदिर का निरीक्षण कर तीर्थयात्री सुविधा केंद्र की क्षमता बढ़ाने पर मंथन किया।
तय हुआ है की सुविधा केंद्र में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बनाए गए चबूतरे हटाए जाएंगे, इनको हटाने का काम शुरू भी कर दिया गया है। इससे सुविधा केंद्र में 25 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता बढ़ जाएगी। साथ ही रामनवमी से पहले लाकर की संख्या बढ़कर 50,000 कर दी जाएगी। अभी 30000 लॉकर हैं। वहीं रामलला के दर्शन मार्ग पर कतार की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल कर रामनवमी मेले में सुरक्षा की जाएगी। अधिक से अधिक श्रद्धालु सुगमता पूर्वक रामलला के दर्शन कर सके इस पर विचार किया जा रहा है।