अयोध्या। बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मां गंगा शिवहरे बेसुध हैं। गंगा शिवहरे ने बताया कि मौत से पहले आशीष ने फोन कर कहा था कि वह बहुत परेशान है। मैनेजर उसे परेशान कर रहा है। मां के मुताबिक, आशीष ने बताया कि मैनेजर ने उसके लैपटॉप से रिजाइन लेटर लिखकर कंपनी को भेज दिया है।
गंगा शिवहरे के अनुसार, आशीष ने फोन पर कहा, मम्मी, मेरे मैनेजर को फोन करो, वह मुझे बहुत परेशान कर रहा है। उसने मैनेजर अभिषेक सिंह का नंबर दिया। मां ने मैनेजर से फोन पर बात की तो उसने बताया कि आशीष पैसे मांग रहा था। पैसा न देने पर वह आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था।
मां के मुताबिक, इसके कुछ देर बाद आशीष ने दोबारा उनसे बात की। उसने कहा, मम्मी बाय, मैं जा रहा हूं। अगले जन्म में मिला तो फिर मुलाकात होगी। इतना कहने के बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद आशीष की ओर से वीडियो कॉल भी आई, लेकिन उस समय गंगा शिवहरे वॉशरूम में थीं, इसलिए वह कॉल रिसीव नहीं कर सकीं। दोबारा काॅल किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हो पाया।
मां का आरोप है कि आशीष पहले भी मैनेजर की शिकायत उनसे कर चुका था। वह बताता था कि मैनेजर उसे लगातार परेशान करता है। गंगा शिवहरे ने आरोप लगाया कि मैनेजर ने उनके बेटे से तीन लाख रुपये भी लिए थे, जिसे वापस करने के लिए आशीष बार-बार मांग कर रहा था। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मैनेजर पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।