अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को होने वाले मतदान के लिए जिले की सीमाएं सील की गई हैं। खासतौर से मिल्कीपुर से जुड़े इलाके के 17 बॉर्डर बैरियर पर सख्त सुरक्षा के इंतजाम हैं। विधानसभा क्षेत्र के अंदर अलग-अलग स्थानों पर 10 पुलिस बैरियर बनाए गए हैं, जहां वाहनों की चेकिंग जारी है।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए बुधवार को 414 बूथों पर मतदान होगा। मंगलवार को बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। शांतिपूर्ण मंदान के लिए पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र को 17 क्लस्टर में बांटा गया है। प्रत्येक क्लस्टर में एक निरीक्षक समेत छह-सात पुलिसकर्मियों की टीम मुस्तैद है।
सभी बॉर्डर बैरियर व विधानसभा क्षेत्र के बैरियरों पर निगरानी बढ़ाई गई है। आने वाले वाहनों को बगैर चेकिंग जिले की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं है। बैरियरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम से भी मॉनीटरिंग हो रही है। संपूर्ण क्षेत्र में 20 क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) बनी हैं। इनमें तैनात पुलिसकर्मी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे। 256 वायरलेस सेट से पुलिसकर्मियों को एक-दूसरे से जोड़ा गया है। बाहरी जिलों के लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों समेत लगभग 2,800 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सभी संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों पर पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। इनमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, पीएसी समेत अन्य अर्द्धसैनिक बलों की 17 कंपनियां लगाई गई हैं। सीओ मिल्कीपुर श्रेयष त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त है। किसी तरह से अशांति फैलाने की मंशा रखने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस तैयार है। बूथों पर विशेष निगरानी की जाएगी।