कुमारगंज। रायबरेली नेशनल हाईवे के बराई पारा गांव स्थित मौर्य टी स्टाॅल के पास बीती रात दो गुटों के बीच हुए विवाद में बम से हमला किया गया। कुमारगंज थाना क्षेत्र में दो गुटों के युवक मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर एक-दूसरे से गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान पहले हाईवे पर एक तेज धमाका हुआ। लोगों ने पहले समझा कि शायद कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। जब लोग बाहर निकले तो कुछ देर बाद दूसरा धमाका भी हुआ, जिससे गाली-गलौज कर रहे युवकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी युवक एक बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। जिसमें युवकों की फोटो आई हुई है। फोटो के आधार पर पुलिस युवकों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। घटनास्थल से कागज के टुकड़े और सुतली मिली है, जो हाथ गोले के इस्तेमाल की पुष्टि करती है। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। (संवाद)