21- रुदौली तहसील में बैठक के दौरान मौजूद भारतीय किसान यूनियन के सदस्य- संवाद
रुदौली। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शनिवार को तहसील रुदौली में एसडीएम विनोद गुप्ता को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा। किसानों ने पिछले चार माह से समस्याओं का निस्तारण न होने पर गहरी नाराजगी जताई। प्रदेश महासचिव घनश्याम वर्मा ने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करे। समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील अध्यक्ष रवि शंकर पांडेय ने बताया कि मांग पत्र में गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की प्रमुख मांग की गई है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कराने और मीना यादव का सार्वजनिक रास्ता खुलवाने की मांग उठाई गई। किसानों ने धान खरीद और पंजीकरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के साथ ही आवारा पशुओं को गोशालाओं में संरक्षित कराने की मांग भी की।
बैठक में जरायल खुर्द की क्षतिग्रस्त मुख्य पुलिया का निर्माण कराने तथा जैथरी निवासी मीना यादव का कथित रूप से बंद किया गया सार्वजनिक रास्ता खुलवाने की मांग दोहराई गई। किसानों ने भेलसर चौराहे पर ओवरब्रिज के निकट लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास और अंडरपास निर्माण का सर्वे कराकर शासन को प्रस्ताव भेजने की भी मांग की।
एसडीएम विनोद गुप्ता ने कहा कि किसान यूनियन की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।