अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के सोमवार को प्रथम अयोध्या आगमन पर उत्सवी माहौल में शाही अगवानी होगी। पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश अध्यक्ष का रामनगरी में करीब पांच घंटे का प्रवास होगा। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के साथ उनके दौरे की शुरुआत होगी।
प्रदेश अध्यक्ष सुबह 10 बजे लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या जिले की सीमा पर 11 बजे से उनके स्वागत का सिलसिला शुरू होगा। रामसनेही घाट से जिले में प्रवेश के बाद सबसे पहले पूर्व सांसद लल्लू सिंह, भाजपा के जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और रुदौली विधायक रामचंद्र यादव कार्यकर्ताओं के साथ उनका अभिनंदन करेंगे। इसके बाद हाईवे के अलग-अलग स्थानों पर बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह और पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की ओर से स्वागत किया जाएगा।
शहर की सीमा पर महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रामपथ पर विभिन्न स्थानों पर सहादतगंज से अंबेडकर नगर के पदाधिकारियों की ओर से स्वागत की शुरुआत की जाएगी। इसी कड़ी में रामपथ के अलग-अलग स्थानों पर पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र और आखिरी में श्रृंगार हाट पर महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की ओर से अभिनंदन किया जाएगा। इस बीच महानगर के विभिन्न मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अगवानी करेंगे।
आकर्षण का केंद्र होगा 501 बटुकों की ओर से शंख ध्वनि के बीच स्वस्तिवाचन
स्वागत के दौरान रामपथ के निषादराज चाैराहे पर 501 बटुकों की ओर से शंख ध्वनि के बीच स्वस्तिवाचन आकर्षण का केंद्र होगा। यहां पर मार्ग के दोनों तरफ फुटपाथ पर 501 मीटर लंबी मानव शृंखला बनाकर प्रदेश अध्यक्ष के काफिले पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके पहले रोडवेज बस स्टैंड के पास अवधी लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के मध्य स्वागत किया जाएगा। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष दोपहर तीन बजे डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में पहुंचेंगे। यहां पर अवध के 15 जिलों के पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। यहां से दोपहर चार बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। ।