अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में जल्द ही बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था शुरू किए जाने की तैयारी है। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से साकेत महाविद्यालय सहित जिले के तीन महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की संख्या का ब्योरा मांगा गया है।
साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो़ अभय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय से इस संबंध में प्राप्त पत्र के बाद जल्द ही हाजिरी की नई व्यवस्था शुरू हो सकती है। बताया कि महाविद्यालय में शिक्षण कार्य से जुड़े करीब 150 शिक्षक हैं, इनके लिए तो बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था करना सुगम होगा, लेकिन यहां पढ़ने वाले करीब 15 हजार छात्र-छात्राओं के बॉयोमेट्रिक हाजिरी सुनिश्चित कराने के इंतजाम करना एक बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल इसे लेकर अभी तक कोई कार्य योजना नहीं बनी है।
उधर, साकेत महाविद्यालय का स्थापना दिवस 25 जुलाई को मनाया जाएगा। महाविद्यालय परिसर में भारत-पाकिस्तान युद्ध 1965 में प्रयुक्त टैंक टी-55 भीम वार मेमोरियल ट्राफी के रूप में स्थापित किया गया है। यहां 108 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराने के लिए स्तंभ भी स्थापित किया गया है। ध्वजारोहण कार्यक्रम 25 जुलाई को होगा।
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में राष्ट्रीय व्याख्यान का शुभारंभ शुक्रवार से होगा। इसमें देश के दिग्गज वैज्ञानिक शामिल होंगे। व्याख्यान का उद्घाटन पद्मभूषण प्रो़ मंजू शर्मा करेंगी। कार्यक्रम में प्रो़ अनुराग शर्मा आईआईटी दिल्ली, डॉ़ मुकुल दास नई दिल्ली, कुलपति प्रो़ राजेंद्र डोभाल,प्रो़ विनय शर्मा एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नॉलाजी जयपुर सहित अन्य शामिल होंगे। दो दिवसीय व्याख्यान का समापन 20 जुलाई को होगा।