बीकापुर। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम करीब तीन बजे कोतवाली क्षेत्र के गुंधौर पेट्रोल पंप के पास पिपरी जलालपुर-तारुन मार्ग पर हुआ है।
तारुन थाना क्षेत्र के भवानीपुर विजयपुर सजहरा निवासी विनोद कुमार (38) सोनखरी बीकापुर निवासी मोहम्मद कुदरत (40) के साथ बाइक से पिपरी जलालपुर गए थे। वहां से घर लौटते समय गुंधौर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक मरणासन्न हो गए। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र निषाद और परिजनों ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी बीकापुर पहुंचाया। डॉ. एसके मौर्य ने जांच के बाद विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक मोहम्मद कुदरत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक विनोद कुमार दो भाइयों में छोटा था। परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री है। मृतक के बड़े भाई अंगद ने बताया कि उनकी इकलौती पुत्री की शादी 14 अप्रैल को तय है। वह शादी की तैयारी में लगे थे। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।