बीकापुर। स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षित प्रसव के मामलों में सीएचसी बीकापुर ने पिछले छह माह के भीतर लंबी छलांग लगाते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार करके नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अस्पताल में पिछले छह माह के भीतर करीब 250 सिजेरियन और 631 सामान्य प्रसव हुए हैं। पहले अस्पताल में सिजेरियन मामलों को जिला महिला चिकित्सालय भेज दिया जाता था।
पूर्व में तैनात रहे मुख्य चिकित्साधिकारी सुशील कुमार बनियान के प्रयासों से वर्ष 2025 में सिजेरियन प्रसव पूरी संवेदनशीलता से शुरू हुए। प्रथम संदर्भन इकाई का दर्जा प्राप्त सामुदायिक स्वास्थ्य बीकापुर में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगीं जिसका परिणाम रहा कि सीएचसी नया कीर्तिमान रचने की ओर अग्रसर है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अंशुमान यादव भी इसे लोगों की जागरूकता और उच्च अधिकारियों के कुशल निर्देशन का परिणाम मानते हैं। उन्होंने बताया कि सीएचसी पर उपलब्ध कराई जा रहीं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का ही परिणाम है कि अब यहां रोजाना सिजेरियन व नार्मल प्रसव कराने के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। इस कार्य में सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह भिटौंरिया सहित अन्य उच्च अधिकारी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। अधीक्षक का कहना है कि सुल्तानपुर सहित जनपद के अन्य ब्लॉक की महिलाएं भी यहां प्रसव के लिए पहुंच रही हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी देव प्रकाश वर्मा ने बताया कि सीएचसी पर गर्भवती की सबसे पहले सभी जरुरी जांचें कराई जाती हैं। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. स्नेहा चौधरी की सलाह पर उन्हें जरुरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। यदि खून की कमी अत्यधिक होती है तो आयरन सुक्रोज अथवा खून चढ़ाने की सुविधा भी यहीं प्रदान की जाती है। अधीक्षक ने बताया कि गर्भ धारण करने के शुरूआती दिनों से ही महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, चिकित्सीय सलाह व इलाज मिले, इसके लिए वह आशा व आशा संगिनी के साथ बैठक कर उन्हें जरुरी दिशा निर्देश देते रहते हैं। एंबुलेंस घर से लाने और घर पहुंचने तक निशुल्क है।