बास्केटबॉल चयन प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी।
अयोध्या। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बास्केटबॉल चयन प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में लखनऊ संभाग के संकुल अ के अंतर्गत अयोध्या, सीतापुर प्रथम, सीतापुर द्वितीय, बाराबंकी, शाहजहांपुर, हरदोई और रायबरेली के कुल 85 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 45 बालक और 40 बालिकाएं शामिल रहीं।
दो दिवसीय चयन प्रक्रिया के दौरान विशेषज्ञ समिति ने खिलाड़ियों के खेल कौशल, शारीरिक क्षमता, तकनीक, टीम भावना और अनुशासन का मूल्यांकन किया। इसके बाद प्रत्येक आयु वर्ग से आठ-आठ खिलाड़ियों का चयन कर कुल 48 खिलाड़ियों की टीम क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए घोषित की गई। चयनित खिलाड़ियों में शाहजहांपुर की चार बालिकाएं, सीतापुर प्रथम के छह बालक व छह बालिकाएं, हरदोई के छह बालक व सात बालिकाएं, रायबरेली के आठ बालक, सीतापुर द्वितीय का एक बालक व तीन बालिकाएं तथा अयोध्या के तीन बालक व चार बालिकाएं शामिल हैं।
चयनित बालक टीम चित्रकूट व बालिका टीम झांसी में आयोजित क्षेत्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में लखनऊ संभाग संकुल अ का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन और उप-प्राचार्य एसबी यादव के संरक्षण में हुआ। समापन अवसर पर चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।(संवाद)
बास्केटबॉल चयन प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी।