28- नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव कार्यक्रम में शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी- नगर
अयोध्या। दामोदर धर्मशाला के दुकानदारों ने 3.20 लाख रुपये बकाया गृह और जल कर वसूली को ज्यादा करार देते हुए राहत देने की मांग की। इस पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वसूली रोकते हुए पुनर्मूल्यांकन कर चार किस्तों में बकाया जमा कराने की सुविधा प्रदान करने के निर्देश नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को दिए।
महापौर शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव कार्यक्रम में जनसुनवाई कर रहे थे। इस दौरान 18 प्रार्थना पत्र आए। इसमें से 11 का महापौर ने तुरंत समाधान कराया, जबकि सात प्रकरण गली और नाली निर्माण कार्य से जुड़े थे।
महापौर ने घनश्याम सिंह की शिकायत पर बनवीरपुर में जल निकासी की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य मार्गों के अलावा कॉलोनी और गलियों में सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। इस मौके पर सड़क, नाली, गली के निर्माण व मार्ग प्रकाश व्यवस्था के साथ पेयजल व सफाई को लेकर शिकायतें आईं। इनका समयबद्ध समाधान कराने का भरोसा दिया।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र संबंधी प्रकरण की जांच कर जल्द जारी करने के निर्देश दिए। सहनवा से महोबारा के बीच सड़क मरम्मत की मांग कालोनीवासियों ने की। दशरथ कुंड पर बिजली कनेक्शन न होने का मसला भी सामने आया। चौक से बजाजा के बीच अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। नुरुलहुदा ने दिल्ली दरवाजा में पेयजल समस्या से अवगत कराया, इसका तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, निर्माण खंड के सहायक अभियंता भारत सिंह वर्मा व नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय मौजूद रहे।