-प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कमिश्नर गौरव दयाल ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। कमिश्नर गौरव दयाल ने कहा कि 18 जनवरी से किसी भी प्रकार के निजी भवनों आदि में निर्माण कार्य न किए जाएं। नदी पर 1.37 किमी तक बैरियर बनाए जाएं। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, पार्किंग स्थल व शहर के महत्वपूर्ण स्थलों पर हेल्प डेस्क व खोया पाया केंद्र स्थापित हों। 22 जनवरी की शाम हर घर, घाट, मंदिर में दीपोत्सव हो, आतिशबाजी की जाए। सजीव प्रसारण के लिए 50 अतिरिक्त डिजिटल बोर्ड लगाए जाएं। जनपद मुख्यालयों, सभी कार्यालयों में 14 से 21 जनवरी तक जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष सफाई अभियान हो। शहर के मुख्य मार्ग, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट से मंदिर मार्ग धूल एवं गंदगी मुक्त किए जाएं। लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या के राष्ट्रीय मार्गों को ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए। शौचालयों की व्यवस्था कुंभ मेले की तरह हो। 50 मुख्य स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था हो। 250 पुलिस गाइड तैनात किए जाएं। डिजिटल टूरिस्ट ऐप 14 जनवरी को लांच किया जाए।