पदक के साथ मौजूद कात्यानी और श्वेता।
अयोध्या। उत्तर प्रदेश इक्विप्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में अयोध्या की बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। दो से चार मई तक गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में साहबगंज स्थित एक व्यायाम शाला की खिलाड़ी श्वेता रौनियार और कात्यायनी सिंह ने अपने दमखम का शानदार परिचय दिया।
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में श्वेता रौनियार ने 84 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं कात्यायनी सिंह ने 76 किलोग्राम वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त की।
खिलाड़ियों की सफलता में उनके कोच पीयूष साहू और शिवा शर्मा का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास कर अपनी क्षमता को निखारा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उपलब्धि पर पीयूष साहू, शिवा शर्मा, संतोष तिवारी, सरोज दास, अजय प्रजापति, करन गौतम, हिमांशु गुप्ता, हसन खान व राजेश मिश्रा राजू ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।