अयोध्या में सुरक्षा के लिए तैनात हुई एनएसजी टीम।
- फोटो : amar ujala
राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीम अयोध्या में स्थायी तैनाती की दिशा में सक्रिय हो गई है। एनएसजी कमांडो राम मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अयोध्या में एनएसजी का हब भी बनाया जा रहा है। इसके बाद राम मंदिर के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में भी एनएसजी की भूमिका बढ़ने की संभावना है।
24 से 29 सितंबर तक राम मंदिर परिसर में सुरक्षा एजेंसियों और मंदिर की सुरक्षा में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एनएसजी की बैठकें चल रही हैं। कमांडो मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को समझने के साथ अधिकारियों से विभिन्न सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं। मंदिर परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और संभावित आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों का भी आकलन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव भाजपा पर जमकर बरसे, बोले- इस सरकार ने मदरसों के साथ भेदभाव किया, इनको सिर्फ बांटना आता है
ये भी पढ़ें - सीएम योगी बोले- कोई टोटी चोरी कर लेगा तो पानी बहता रहेगा, गिरगिट की तरह रंग बदलती रही सपा
राम मंदिर परिसर में एनएसजी कमांडो की मौजूदगी के बीच पिछले तीन दिनों से सुरक्षा अभ्यास भी चल रहा है। इसमें मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को परखने और आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों का परीक्षण किया जा रहा है। एनएसजी टीम मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रही है। एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र ने बताया कि राम मंदिर समेत धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए एनएसजी की एक यूनिट स्थायी रूप से तैनात कर दी गई है। यूनिट इस समय राम मंदिर में है और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परख रही है।
राम मंदिर के साथ धार्मिक स्थलों पर फोकस
अयोध्या में एनएसजी का हब बनने के बाद उसकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का इस्तेमाल राम मंदिर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए भी किया जा सकेगा। रामनगरी में रोजाना करीब एक लाख श्रद्धालु आते हैं। पर्व और त्योहारों पर यह संख्या पांच से 10 गुना तक बढ़ जाती है। अयोध्या में बढ़ती श्रद्धालु संख्या और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को देखते हुए एनएसजी की स्थायी मौजूदगी सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है।