मकर संक्रांति और माघ मेले के दौरान अयोध्या धाम में लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए नगर निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं। नगर निगम ने 24×7 सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की है। साथ ही प्रकाश, शौचालय व चेंजिंग रूम के भी इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में कुल 960 मेला कर्मी और 528 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सफाई व्यवस्था को तीन पालियों में बांटा गया है, जिससे दिन-रात निरंतर स्वच्छता बनी रहे। इसके अलावा 15 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेक उपकरणों जैसे बीएमएस (ब्रूम मशीन सिस्टम), एंटी स्मॉग गन, मैकेनाइज्ड सफाई मशीनें और पीए सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। इनके माध्यम से न केवल सफाई होगी, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
एक महत्वपूर्ण पहल के तहत निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा घूमकर गोवंशों को पकड़ा जा रहा है और उन्हें सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 19 मोबाइल टॉयलेट और कई सामुदायिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि खुले में शौच जैसी समस्या न हो। नगर आयुक्त ने बताया कि इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन नियमित रूप से 345 स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। अयोध्या धाम में कुल 36 स्थलों पर गैस हीटर अलाव की व्यवस्था की गई है।