लखीमपुर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में ट्राफी के साथ मौजूद अवध इंटरन
अयोध्या। लखीमपुर में 30 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित सीबीएसई क्लस्टर अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में अवध इंटरनेशनल स्कूल, अयोध्या की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में टीम का सामना राजेंद्र गिरी मेमोरियल एकेडमी, गोला लखीमपुर से हुआ, जिसमें अयोध्या की टीम को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता में कुल 79 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-14, 17 व 19 आयु वर्ग में प्रतियोगिता हुई। इसमें अंडर-14 बालक वर्ग में 24 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसी आयु वर्ग में अवध इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने कप्तान श्रेयश मानिक के नेतृत्व में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। टीम के खिलाड़ी श्रेयांश पांडेय को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कोच संदीप निषाद ने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और टीम भावना के साथ खेला। फाइनल में हार जरूर मिली, लेकिन टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। विद्यालय के खेल शिक्षक संतोष सिंह ने कहा कि नियमित अभ्यास और खिलाड़ियों की मेहनत का ही परिणाम है कि टीम ने क्लस्टर स्तर जैसी प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।