अयोध्या। साइबर ठगों ने अब भोले-भाले लोगों को ठगने के लिए एक नया तरीका निकाला है। अब लोगों को फोन करके उनके नंबर से आपराधिक गतिविधियों की शिकायत होने के कारण उनके नाम से जारी सभी मोबाइल नंबर बंद होने का दावा किया जा रहा है। इन कार्रवाइयों से बचने के लिए पैसे भी मांगे जा रहे हैं। पुलिस ने ऐसी कॉल से सावधान रहने की अपील की है।
अब तक साइबर ठग लोगों को तमाम तरह के प्रलोभन देकर, न्यूड वीडियो कॉलिंग, लकी ड्राॅ में पैसे जीतने, पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने, कार की बुकिंग आदि के नाम पर ठगते थे। इनका व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ और लोगों में जागरूकता आई तो अब जालसाजों ने नया तरीका निकाला है। स्वयं को टेलीकाम कंपनियों का बताकर कॉल करके लोगों को धमकाकर ठगी की कोशिश हो रही है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में कई लोग अब तक इसके शिकार हो चुके हैं। हालांकि, अब तक लोगों ने समझदारी से काम लिया, जिससे ठगी का शिकार होने से बच गए हैं। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि इस तरह के मामले संज्ञान में आए हैं। हालांकि ठगी की कोशिश नाकाम रही है। अन्य लोगों को भी ऐसे जालसाजों से बचने की जरूरत है। किसी के झांसे में आकर अपना पर्सनल डाटा शेयर न करें न ही किसी तरह के प्रलोभन में आएं। किसी तरह की ठगी की कोशिश करने वालों की सूचना भी दें।
इस तरह कर रहे ठगी का प्रयास
कोतवाली अयोध्या के दर्शननगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल फोन पर 31 अगस्त को एक कॉल आई। सामने महिला की आवाज में सिमकार्ड आधे घंटे में बंद होने की बात कहकर अधिक जानकारी के लिए प्रतिनिधि से काॅल कनेक्ट की गई। संबंधित व्यक्ति ने पीड़ित के नाम से एक अन्य सिमकार्ड जारी होने व उस सिमकार्ड से आपराधिक गतिविधियां होने के कारण उनके नाम से जारी सभी सिमकार्ड आधे घंटे में बंद होने का दावा किया। इस कार्रवाई से बचने के लिए पैसे की मांग की तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।