यूपी के अयोध्या में शनिवार की शाम लगभग 5 बजे एसयूवी और बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गए। लोगों की मदद से घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर लाया गया। जांघ में गोली फंसी होने के कारण उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के सिरसंडा मजरे पटखौली गांव की है। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के दतिया निवासी संदीप मिश्रा (30) अपने मित्र सत्यम पाठक के साथ निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे। पटखौली गांव के पास एसयूवी और बाइक से आए पांच से अधिक लोगों ने पुरानी रंजिश पर उन्हें रोका। इसके बाद गाली-गलौज करने लगे। बाइक सवार पटखौली निवासी रवि पाठक ने संदीप पर फायरिग झोंक दी।
जांघ, कंधे और चेहरे के पास लगी गोली
वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि युवक के जांघ, कंधे और चेहरे के पास गोली लगी है। उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल के भाई कुलदीप मिश्रा की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।