बीकापुर। गणेश चतुर्थी पर्व पर प्रतिमा स्थापना और विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार शाम कोतवाली में आयोजकों के साथ एक बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय ने धार्मिक पर्व को परंपरागत तरीके से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आयोजकों को बरसात के मौसम के मद्देनजर पंडालों को मजबूती से जलरोधी बनाने का निर्देश दिया गया। पंडाल में प्रतिदिन स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगातार बनाए रखने को भी कहा गया। पंडाल और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के नशे या शराब का सेवन न करने की सख्त हिदायत दी गई। आयोजकों से कहा गया कि आयोजन और विसर्जन के दौरान केवल धार्मिक गीत ही बजाए जाएं। डीजे पर अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पूजा-अर्चना परंपरागत ढंग से शांतिपूर्ण माहौल में की जाए।