अयोध्या। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश रविवार को थमने के बाद बाजार में रौनक लौट आई। तीन दिनों तक ग्राहकों की आवाजाही कम रहने से चौक, रिकाबगंज, फतेहगंज, नाका, सिविल लाइन और रामपथ के बाजारों में बिक्री प्रभावित रही।
थोक कारोबार में भी माल की लोडिंग-अनलोडिंग से लेकर बिक्री तक पर असर पड़ा। फतेहगंज गल्ला मंडी में देहात से आने वाली लेबर नहीं पहुंची, जिससे लोडिंग-अनलोडिंग का काम प्रभावित रहा। थोक गल्ला व्यापारी नीरज ने बताया कि तीन दिन कारोबार लगभग ठप रहा। कई दुकानें खुलीं भी तो दो-तीन घंटे बाद बंद करनी पड़ीं। उनके मुताबिक मंडी में इन तीन दिनों में करोड़ों रुपये की बिक्री प्रभावित हुई है।
बारिश का असर केवल गल्ले तक सीमित नहीं रहा। नवीन मंडी में ट्रकों से माल नहीं उतर सका। फल और हरी सब्जियां ट्रकों में ही खराब होने की स्थिति में आ गई थी। मुमताजनगर, गद्दोपुर और हरीपुर जलालाबाद के 50 से अधिक उद्योग बिजली संकट के कारण बंद रहे। बारिश थमने के बाद मंडियों में माल उतरने और दुकानों में बिक्री शुरू होने के साथ तीन दिन से प्रभावित कारोबार फिर रफ्तार पकड़ने लगी। (संवाद)