अयोध्या। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में करीब 7.60 करोड़ रुपये की लागत वाले आठ विकास कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के तहत संपर्क मार्ग, सड़क और नालियों का निर्माण किया जाएगा। स्वीकृत कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इन कार्यों से पूराबाजार, मसौधा और नगर निगम क्षेत्र के गांवों व वार्डों में आवागमन बेहतर होगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सड़क और संपर्क मार्गों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। इससे गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क भी मजबूत होगा।
स्वीकृत कार्यों में रामपुर सर्धा-मित्रसेनपुर में 80 लाख रुपये का संपर्क मार्ग बनेगा। तिहुरा मांझा कुंजीगंज चौराहे से गोडियाना एबी बंधा तक 1.33 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा। रामवनगमन मार्ग पर 1.31 करोड़ रुपये की सड़क भी शामिल है। कर्पूरी ठाकुर वार्ड में 64 लाख रुपये की सड़क व नाली निर्माण भी स्वीकृत हुआ है।