कुमारगंज। आचार्य नरेंद्र कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी क्रीड़ा परिषद से शुरू होकर डीएवी स्कूल के पास समाप्त हुआ।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। इस दौड़ में लगभग 150 धावक शामिल हुए। इस मौके पर कुलपति ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों और छात्र-छात्राओं के साथ योगाभ्यास भी किया। योग मैराथन के पुरुष वर्ग में अंशुमान ने प्रथम स्थान हासिल किया। विकास वर्मा दूसरे और सुरेंद्र तीसरे स्थान पर रहे।
योग मैराथन के महिला वर्ग में साधना बघेल पहले स्थान पर रहीं तो जया कुमारी दूसरे और नंदनी कुमारी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. डी नियोगी ने बताया कि योग मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को विश्व योग दिवस के अवसर पर कुलपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान खेल प्राध्यापक डॉ. देव नारायण व नोडल ऑफिसर डॉ. दिवाकर सिंह समेत विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।