24 - रुदौली सीएचसी में भर्ती एएनएम अनिता से हाल पूछते सीएमओ डॉ. सुशील कुमार- संवाद
भेलसर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुजागंज में तैनात एएनएम अनीता गौतम ने प्रताड़ना और अवैध वसूली से तंग आकर शुक्रवार देर रात कई दवाइयां खा लीं, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें रुदौली सीएचसी में भर्ती कराया है। पीड़ित एएनएम ने आत्महत्या का प्रयास करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा। इसमें पीड़िता ने रुदौली सीएचसी में तैनात आयुष फार्मासिस्ट धनीराम वर्मा पर बीते तीन वर्षों से मानसिक प्रताड़ना, अवैध वसूली और ड्यूटी को लेकर धमकाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ड्यूटी से राहत देने के नाम पर उनसे हर माह दो से पांच हजार रुपये तक की मांग की जाती थी। अब तक लगभग एक लाख से अधिक रुपये वह आयुष फार्मासिस्ट को दे चुकी है। लेकिन जब उन्होंने आगे रुपये देने से मना किया, तब उन पर उत्पीड़न और बढ़ा दिया गया। घटना से पहले एएनएम अनीता ने रुदौली सीएचसी के व्हाट्सएप ग्रुप पर लिखा कि मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है, मैं मरने जा रही हूं। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग में कार्यस्थल पर उत्पीड़न और अवैध वसूली जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. सुशील बानियान ने सीएचसी पहुंचकर पीड़िता का हाल जाना। उन्होंने बताया कि आरोपी आयुष फार्मासिस्ट को सीएचसी बीकापुर से संबद्ध कर डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके गुप्ता को मामले की जांच सौंपी गई है।