फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: भीषण गर्मी में बिजली की बदहाली पर बढ़ा गुस्सा

Fri, 22 May 2026 10:23 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। तप रहे तापमान के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणांचल के उपभोक्ताओं को बमुश्किल 6-7 घंटे आपूर्ति मिल रही है। बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या कोढ़ में खाज बनने से उपभोक्ताओं में जबरदस्त नाराजगी है। बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक उपकेंद्र के ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत फीडरों पर विद्युत सप्लाई के दौरान बार-बार ट्रिपिंग होने और लो-वोल्टेज से किसान परेशान हैं क्योंकि सिंचाई बाधित है। पानी के अभाव में सब्जियों और गन्ने की फसल सूख रही हैं।
विज्ञापन

पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार पूरा बाजार विद्युत उपकेंद्र से बृहस्पतिवार रात क्षेत्रवासियों को महज दो घंटे ही बिजली मिल सकी है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी पावर हाउस का घेराव करने को मजबूर होंगे। जेई पुष्पेंद्र तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की मांग क्षमता से अधिक हो गई है। रात में कटौती दर्शन नगर से की जा रही है तथा वहां भी मुरादाबाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर आपूर्ति रोकी जाती है।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। ऐसे में अघोषित विद्युत कटौती व लो वोल्टेज व बार-बार लाइन ट्रिपिंग ने लोगों की समस्या को और बढ़ा दी है। सरकार की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे विद्युत आपूर्ति देने का निर्देश है, बावजूद इसके मिल्कीपुर क्षेत्र में बमुश्किल 8-9 घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है,वह भी टुकड़ों में। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय वरुण सिंह कहते हैं कि मांग के सापेक्ष उत्पादन नहीं हो पा रहा,इसके चलते अतिरिक्त कटौती करनी पड़ रही है,ओवरलोड के चलते भी समस्या आ रही है।
विज्ञापन

खंडासा प्रतिनिधि के मुताबिक कुमारगंज/तुलसमपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान परेशान हैं। आधे घंटे बिजली आने के बाद दो-दो घंटे तक कटौती हो रही है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। क्षेत्रीय जनता में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अवर अभियंता वेदराम ने बताया कि ओवरलोड ट्रांसफार्मर से बिजली कटौती की जा रही है सभी फीडर की विद्युत आपूर्ति दो-दो घंटे चलाया जा रहा है ।




तारुन में चार बार गुल रही बिजली



प्रतिनिधि के अनुसार उपकेंद्र तारुन के 11 फीडरों में रातभर बिजली की बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ता बेहाल रहे। 33 केवी लाइन में फॉल्ट के चलते बृहस्पतिवार शाम 7:30 बजे से शुक्रवार सुबह 2:25 बजे तक चार बार बिजली आपूर्ति ठप रही और कुल 5 घंटे 35 मिनट कटौती हुई। शाम 7:30 बजे पहली बार सप्लाई फेल हुई जो 9:30 बजे बहाल हुई। 10:15 बजे फिर ठप होकर रात 12:15 बजे आई। इसके बाद 12:50 बजे दोबारा गई और तड़के 2:25 बजे मेन सप्लाई बहाल हुई। वहीं रानी बाजार में 33/11 विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फीडर अमौना, कन्दैला, अनंतपुर, सरियावां, सोखावां से जुड़े विद्युत उपभोक्ता रात में हो रही कटौती से परेशान हैं।अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि लोड अधिक होने से फॉल्ट अधिक हो रहे हैं। जानकारी मिलते ही टीम भेज कर फॉल्ट को तत्काल ठीक किया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें