अयोध्या। शहर के चांदपुर हरवंश स्थित अमृत बॉटलर्स जीएसटी जमा करने के मामले में अयोध्या जोन में नंबर एक है। कंपनी ने मार्च में सर्वाधिक 13.34 करोड़ जीएसटी जमा की है। वहीं बलरामपुर चीनी मिल और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर है।
राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या समेत आसपास के जिले में कारोबार फल-फूल रहा है। इसका अनुमान राज्य कर विभाग के आंकड़ों से स्वत: लगाया जा सकता है। इसके अनुसार मार्च 2025 में अयोध्या जोन के नौ जिलों से 57.25 करोड़ जीएसटी जमा हुई है। जबकि गतवर्ष इसी माह में 53.78 करोड़ जीएसटी जमा हुई थी।
जोन में सर्वाधिक जीएसटी जमा करने वाले अमृत बॉटलर्स ने गतवर्ष की तुलना में एक माह में 5.81 करोड़ अधिक जीएसटी जमा की है। वहीं दूसरे स्थान पर रहे बलरामपुर चीनी मिल ने 8.16 करोड़ व ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज ने 4.98 करोड़ रुपये टैक्स जमा किए हैं। जबकि गतवर्ष इसी माह में दोनों प्रतिष्ठानों ने क्रमश: 5.36 व 4.25 करोड़ रुपये जमा किए थे।
अयोध्या जोन के 10 प्रतिष्ठानों ने मार्च में एक भी रुपये टैक्स जमा नहीं किया। जबकि गतवर्ष इसी माह में उन्होंने लगभग नौ करोड़ रुपये जमा किए थे। इनमें तीन फर्म बड़ी करदाता रही हैं, जिन्होंने क्रमश: 4.46 करोड़, 1.51 करोड़ व 1.48 करोड़ रुपये दिए थे।