ग्रामर इंटर कॉलेज केंद्र पर अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड परीक्षा-2025 में शामिल छात्र-छात्राएं
अयोध्या। अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड परीक्षा-2025 बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। पहले दिन शहर के छह केंद्रों पर 37 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। यह परीक्षा 13 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न केंद्रों पर अलग-अलग विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पहले दिन सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में तीन, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में पांच, उदया पब्लिक स्कूल में तीन, ग्रामर इंटर कॉलेज में 11, नवल्स एकेडमी में सात और दिशा कॅरियर इंस्टीट्यूट में आठ विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। शुक्रवार को सात केंद्रों पर सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित होगी।
अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड कक्षा तीन से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान और क्षमताओं का मूल्यांकन करना और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। यह परीक्षा गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, लॉजिकल रीजनिंग और टेक्नोलॉजी/एआई जैसे विभिन्न विषयों को कवर करती है।