21- शनिवार को बाजार में गिफ्ट की खरीदारी करते लोग - संवाद
अयोध्या। वैलेंटाइन डे यानी इजहार-ए-मोहब्बत का रंग युवाओं के सिर चढ़कर बोला। प्यार के इस पर्व पर शनिवार को रामनगरी में मोहब्बत के रंग के साथ बाजार भी रंगे नजर आया। शहर के प्रमुख बाजारों रिकाबगंज, सुभाष नगर, चौक, सिविल लाइन और नाका में गिफ्ट गैलरी, फ्लावर शॉप और चॉकलेट स्टोर्स पर युवाओं की भीड़ दिनभर उमड़ती रही। गुलाब, बुके, टेडी बियर, सरप्राइज गिफ्ट और चॉकलेट की जमकर खरीदारी हुई।
दुकानों पर हार्ट शेप गिफ्ट पैक, फोटो फ्रेम, लव कार्ड और सरप्राइज बॉक्स आकर्षण का केंद्र बने रहे। कई युवाओं ने ऑनलाइन ऑर्डर के साथ-साथ खुद बाजार पहुंचकर पसंदीदा उपहार खरीदे। शाम होते-होते शहर के रेस्टोरेंट और कैफे में कपल्स की काफी भीड़ देखने को मिली।
रिकाबगंज स्थित एक गिफ्ट शॉप संचालक आफताब ने कहा कि वेलेंटाइन वीक शुरू होते ही ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी थी। इस बार युवाओं में खासा उत्साह है। टेडी बियर और सरप्राइज गिफ्ट्स को लेकर काफी क्रेज है। कई ग्राहक एडवांस बुकिंग भी कराकर गए थे। जो 14 फरवरी को लेकर गए हैं।
नाका के फुल विक्रेता शाहबाज ने कहा कि लाल गुलाब की सबसे ज्यादा मांग रही। सुबह से ही बुके और सिंगल रोज की बिक्री तेज रही। एक गुलाब 25 रुपये के दामों में बिके। सिंगल गुलाब 400 पीस से ज्यादा बिके।