अयोध्या। मयाबाजार के अंकारीपुर गांव में राशन वितरण में गंभीर अनियमितता सामने आने पर कोटेदार दिलीप कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच में दुकान पर 15.233 क्विंटल गेहूं, 35.427 क्विंटल चावल और 1.08 क्विंटल चीनी कम मिली। 40 कार्डधारकों ने ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद राशन न देने का आरोप लगाया।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक सदर ने जांच की। टीम पहुंची तो कोटेदार शटर गिराकर चला गया। एसडीएम के निर्देश पर दुकान और भंडार का सत्यापन कराया गया। एक कमरे में 28 बोरी चावल और 40 किलो खुला गेहूं मिला। दूसरे कमरे को सील किया गया, जिसे 28 सितंबर को खोलने पर 35 बोरी गेहूं मिला। अनुबंध निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
एमआईएस रिपोर्ट से मिलान में खुली कमी
ऑनलाइन आवंटन, वितरण और अवशेष की एमआईएस रिपोर्ट के अनुसार दुकान में 33.133 क्विंटल गेहूं और 49.427 क्विंटल चावल होना चाहिए था, जबकि 17.90 क्विंटल गेहूं और 14 क्विंटल चावल मिला। चीनी भी 1.08 क्विंटल कम थी।
कार्डधारकों ने लगाए गंभीर आरोप
40 कार्डधारकों के बयान दर्ज हुए। अधिकांश ने सितंबर में अंगूठा लगाने के बाद भी गेहूं-चावल न मिलने की बात कही। कई ने दो कांटों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। अंत्योदय कार्डधारकों ने कम चीनी देने और 60 रुपये लेने की शिकायत की। डीएसओ के अनुसार, डीएम ने 29 सितंबर को एफआईआर की अनुमति दी।