किसान से फोन पर उर्वरक उपलब्धता की जानकारी करते कृषि मंत्री।
मया बाजार। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता, बिक्री व्यवस्था तथा स्टॉक की स्थिति का जायजा लेने के लिए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को साधन सहकारी समिति व उर्वरक विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से फोन पर बात कर उर्वरक बिक्री की हकीकत जानी।
क़ृषि मंत्री ने जरही (मया बाजार) एवं निजी क्षेत्र के उर्वरक विक्रय केंद्र वर्मा खाद भंडार, देवगढ़-पूराबाजार का औचक निरीक्षण किया। साधन सहकारी समिति जरही के निरीक्षण के दौरान समिति पर 47.385 मीट्रिक टन यूरिया तथा 9.60 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक उपलब्ध पाया गया। मंत्री ने बिक्री रजिस्टर का अवलोकन करते हुए रैंडम आधार पर तीन किसानों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें उपलब्ध कराए गए उर्वरकों की मात्रा एवं बिक्री मूल्य की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत अयोध्या लौटते समय उन्होंने निजी क्षेत्र के उर्वरक विक्रय केंद्र वर्मा खाद भंडार, देवगढ़-पूराबाजार का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक किसान को मंत्री की उपस्थिति में चार बोरी उर्वरक उपलब्ध कराया गया। विक्रेता ने बताया कि उनकी पीओएस मशीन पर वर्तमान में फार्मर परचेज हिस्ट्री प्रदर्शित नहीं हो रही है, जिस पर मंत्री ने अवगत कराया कि इस संबंध में भारत सरकार की तकनीकी टीम आवश्यक सुधार कार्य कर रही है। मंत्री ने कहा कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है अथवा यूरिया के साथ अन्य गैर-अनुदानित उर्वरकों या सूक्ष्म पोषक तत्वों की जबरन टैगिंग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, अयोध्या के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9554741267 पर दें।
2,300 मीट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया की उपलब्धता
- जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि 25 जुलाई तक जनपद में सहकारी एवं निजी क्षेत्र के माध्यम से यूरिया 17,736.284 मीट्रिक टन, डीएपी 4,738.269 मीट्रिक टन उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 31 जुलाई तक लगभग 2,300 मीट्रिक टन यूरिया की अतिरिक्त उपलब्धता भी सुनिश्चित हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को सहकारी क्षेत्र से 293.58 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र से 515.858 मीट्रिक टन, कुल 809.438 मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री की गई।