कुंडों के संरक्षण के लिए समझौते के दौरान मौजूद नगर निगम के अधिकारी।
अयोध्या। जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस कड़ी में बेंगलुरु की श्री श्री रूरल डेवलपमेंट प्रोग्राम ट्रस्ट के साथ समझौता ज्ञापन किया गया है।
समझौता ज्ञापन पर संस्था की ओर से बेंगलुरु के आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के अध्यक्ष प्रसन्ना प्रभु और नगर निगम अयोध्या की ओर से अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार व अपर नगर आयुक्त भारत भी मौजूद रहे।
इस समझौते के तहत दशरथ कुंड, विद्या कुंड, सीता कुंड और दंतधावन कुंड का रखरखाव आगामी पांच वर्षों तक ट्रस्ट करेगा। योजना के अंतर्गत प्राकृतिक जल शुद्धिकरण तकनीक को अपनाते हुए कुंडों की सफाई, स्वच्छता व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार इस पहल से रामनगरी के पवित्र कुंडों का स्वरूप स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनेगा।