अयोध्या। केंद्र सरकार के एडवोकेट एक्ट में प्रस्तावित बदलाव पर नाराज अधिवक्ताओं की एक बैठक फैजाबाद बार एसोसिएशन अयोध्या के सभागार में मंगलवार को हुई। बैठक में अधिवक्ताओं ने इस पर विरोध जताया। प्रस्तावित को अधिवक्ताओं पर कुठाराघात की संज्ञा देते हुए सरकारी मशीनरी को थोपने का आरोप लगाया।
पदाधिकारियों ने कहा कि वकीलों की स्वतंत्रता छीनकर सरकारी तंत्र को हावी करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रस्ताव में लॉ डिग्री प्राप्त किए बिना बार कौंसिल या बार एसोसिएशन में पंजीयन कराए प्रैक्टिस का अधिकार देना अधिवक्ता के मजबूत कड़ी को तोड़ने का प्रयास है। बैठक में सांसद अवधेश प्रसाद के शेड बनाने के लिए 50 लाख रुपये देने के मामले की चर्चा की गई। स्थान चयन के लिए निर्माण विभाग के जेई से सहमति के आधार पर निर्णय लेने की बात कही गई।
अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने एडवोकेट एक्ट में प्रस्तावित बदलाव पर विचार कर रणनीति बनाने के लिए 21 फरवरी को बैठक की घोषणा की। बैठक में महामंत्री गिरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, अधिवक्ता ललित मोहन श्रीवास्तव, रामशंकर तिवारी, गोपाल उपाध्याय आदि मौजूद रहे।