कचहरी में बैठक को संबोधित करते बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा।
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की भूमिका की जांच और उन्हें आरोपी बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा अधिवक्ता संघ का आंदोलन मंगलवार को पुलिस के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने जुलाई में संघ की ओर से दी गई तहरीर को राम जन्मभूमि थाने में दर्ज पहले के मामले की विवेचना में शामिल करने का भरोसा दिया है। फैजाबाद बार एसोसिएशन की बैठक में तीनों के खिलाफ जांच की मांग को लेकर पैरवी जारी रखने का निर्णय लिया गया।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया कि संघ की ओर से न्यायालय में दाखिल मॉनिटरिंग प्रार्थना पत्र पर विवेचक आशुतोष तिवारी ने मंगलवार को अपनी आख्या दाखिल कर दी है। कमेटी आख्या का अध्ययन करने के बाद आगे की रणनीति तय करेगी।
उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी प्रकरण में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की भूमिका की जांच जरूरी है। पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह ने अधिवक्ता संघ को राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल करने की मांग रखी। पूर्व कोषाध्यक्ष राज कपूर सिंह ने तीनों के अयोध्या छोड़ने की मांग उठाई।
विवेचक की ओर से महामंत्री शैलेंद्र जायसवाल को बयान दर्ज कराने के लिए मंगलवार को दोबारा नोटिस दिया गया है। संघ इस संबंध में कमेटी के सदस्यों से राय लेकर निर्णय करेगा। इससे पहले जिला जज रणंजय कुमार वर्मा ने अधिवक्ता संघ अध्यक्ष को वार्ता के लिए बुलाया। उन्होंने एसएसपी से हुई बातचीत की जानकारी देते हुए तहरीर को विवेचना में शामिल किए जाने की बात बताई। इसके बाद आंदोलन स्थगित किया गया।