अयोध्या। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल के माध्यम से वाहनों का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन और भौतिक निरीक्षण युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
अयोध्या मंडल के 17,887 विद्यालयों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है। साथ ही 4,249 स्कूली वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी पूरा हो गया है। शनिवार को संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ऋतु सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वाहनों के फिटनेस, परमिट, पंजीयन, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) हर हाल में वैध कराए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ पंजीयन निलंबन और निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्कूल प्रबंधन को भी निर्देश दिया है कि केवल मानक अनुरूप और फिट वाहनों का ही संचालन करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करें। वहीं, अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को केवल सुरक्षित और वैध परमिट वाले वाहनों से ही स्कूल भेजें। (संवाद)