अयोध्या। शहर के बछड़ा सुल्तानपुर में किराये के कमरे में रहने वाले छात्र की मौत मामले में नया मोड़ आया है। छात्र के परिजनों ने संदिग्ध हालात में साजिश के तहत जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छानबीन शुरू की है।
पुलिस को दिए तहरीर में बस्ती जिले के परसरामपुर क्षेत्र के गौरा पांडेय गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि उनका बेटा शिवेंद्र पांडेय (16) एसएसवी इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। स्कूल के पास के ही किसी संस्थान में कोचिंग पढ़ता था। वह बछड़ा सुल्तानपुर निवासी अशोक यादव के मकान में दूसरे तल पर किराये पर कमरा लेकर रहता था। सात फरवरी की देर रात लगभग 02:10 बजे मकान मालिक ने फोन करके बेटे की तबीयत बिगड़ने की सूचना दी।
वह पहुंचे तो पता चला कि उसके साथी अनुराग व अन्य लोगों ने उसे श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर और वहां से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। आठ फरवरी की रात 11 बजे इलाज के दौरान लखनऊ में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मजबूत और होनहार था। उसके मोबाइल फोन पर घटना से पहले विभिन्न नंबरों से कॉल व व्हाट्सएप चैटिंग की गई है, जो संदिग्ध लग रही है।
उसे प्रताड़ित किया गया है, जिससे परेशान होकर उसने या तो गलत कदम उठाया है या उसे जबरदस्ती संदिग्ध जहरीला पदार्थ खिलाकर साजिश के तहत हत्या की गई है। बाद में घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया है। इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।