अयोध्या। गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी उदयराज ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि आरोपी इस समय कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के साकेतपुरी कॉलोनी में रहते हैं। वह अपने मित्र के माध्यम से कुछ लोगों से मिले थे, जिन्होंने अपनी जान-पहचान स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारियों से बताई थी। नौकरी दिलाने के नाम पर वह लोग 24 लाख रुपये मांगने लगे। आरोपियों पर विश्वास करके उन्होंने उनके बैंक खाते में 10 लाख रुपये दे दिए और आठ लाख रुपये नकद दे दिए। शेष छह लाख रुपये नियुक्ति पत्र मिलने पर देने की बात कही। रुपये लेने के बाद आरोपी टाल-मटोल करते रहे और पैसा वापस करने से भी मना कर दिया। वहीं साइबर क्राइम के थाना प्रभारी मो. अरशद आलम ने बताया कि यह मामला साइबर क्राइम से संबंधित नहीं है। संबंधित थाने में प्रार्थना-पत्र देने के लिए पीड़ित को भेजा गया है। (संवाद)