सोहावल। तहसील सोहावल के मसौधा क्षेत्र के कैलपारा गांव में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप को एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए लेखपाल के पास से रिश्वत की रकम बरामद की। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमित कुमार मिश्रा की पैमाइश के मामले में लेखपाल ने रिश्वत की मांग की गई थी। इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की गई, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
लेखपाल के पकड़े जाने के बाद उसे पूराकलंदर थाने ले जाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर तहसील के कई अन्य लेखपाल भी थाने पहुंच गए, जिससे वहां कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल से पूछताछ कर रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पूराकलंदर थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि आरोपी लेखपाल से पूछताछ की जा रही है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।