राणा सांगा पर सपा सांसद के बयान की आंच रामनगरी तक पहुंच गई है। यहां ABVP कार्यकर्ताओं ने सांसद रामजीलाल का पुतला फूंका। उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट में घंटों प्रदर्शन चला।
रामनगरी अयोध्या में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला फूंका। महानगर मंत्री मानवेंद्र प्रताप के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद कलेक्ट्रेट गेट के सामने पहुंचकर राणा सांगा अमर रहें, राणा सांगा का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे लगाए। परिषद कार्यकर्ताओं में वीर राणा सांगा पर सांसद के बयान को लेकर गुस्सा दिखा।
विज्ञापन
अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ला ने कहा कि देश की संस्कृति एकता व अखंडता को बचाने के लिए सर्वसमाज को साथ लेकर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले राणा सांगा का अपमान करने वाले राज्यसभा सांसद ने निंदनीय कृत्य किया है। उनके इस कृत्य पर उन्हें निष्कासित करने की बजाय समाजवादी पार्टी उनका समर्थन कर रही है। यह समाजवादी पार्टी की देश व महापुरुष विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
महानगर मंत्री मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राणा सांगा इस देश के आदर्श हैं। उनके इस अपमान से पूरे देश का अपमान हुआ है। विभाग संयोजक शशांक सिंह विद्यार्थी, जन्मेजय सिंह बाबा, नीलम गोस्वामी ने सपा सांसद के कृत्य को निंदनीय बताया। इस दौरान प्रांतीय नेता शिवम मिश्रा, विभाग संगठन मंत्री अंकित भारतीय, अंशुमान सिंह, राणा आशुतोष, दुर्गेश तिवारी, आदर्श चतुर्वेदी, उत्कर्ष पांडेय, किशन सिंह, आदित्य सिंह, नेहा वर्मा, श्रेया शुक्ला मौजूद रहे।