फोटो -13-रोते बिलखते परिवार के लोग-संवाद
तारुन। क्षेत्र की ग्राम पंचायत फतेहपुर कमासिन मजरे उसरी में रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से अशोक कुमार मिश्रा (44) की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब पड़ोस में बन रहे मकान की छत देखने गए थे।
जानकारी के मुताबिक उसरी गांव के अशोक मिश्रा के पड़ोस में शैलेंद्र पांडेय का मकान बन रहा है। मकान की छत देखने चढ़े तो ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से उनका सिर छू गया। करंट लगते ही झुलस कर नीचे गिर पड़े। गांव के लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई।
अशोक अपने पीछे पत्नी मंजू, 68 वर्षीय मां कृष्णा और बेटा विकास (25), बेटी आरजू (22) और दूसरी बेटी मौसम (20) को छोड़ गए हैं। दो वर्ष पहले पिता के निधन के बाद अशोक ही परिवार के एकमात्र सहारा थे। प्रधान प्रतिनिधि अनिल गिरी ने बताया कि बिजली तार हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई लेकिन विभाग ने तार नहीं हटवाया जिससे यह गंभीर दुर्घटना घट गई। बताया कि एसडीएम बीकापुर श्रेया को मोबाइल से घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने एसडीओ बीकापुर को अतिशीघ्र तार हटाने के लिए निर्देशित किया है। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा गया है।