तारुन। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को रामसुचित महाविद्यालय में समारोह आयोजित किया गया। इसमें मयाबाजार, तारुन विकासखंड और नगर पंचायत गोसाईगंज के कुल 185 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ।
समारोह दो परंपराओं के संगम का साक्षी बना। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों के सात फेरे कराए, जबकि मौलवी हाफिज गुलाम हुसैन ने कुरान की आयतों के साथ मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। ढोलक की थाप पर महिलाओं के गाए अवधी सोहर गीतों से पूरा पंडाल गूंज उठा। लोकगीत गायक अरविंद मौर्य और उनकी टीम ने वैवाहिक गीतों व भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। समारोह में मयाबाजार के 90, तारुन विकासखंड के 92 और नगर पंचायत गोसाईगंज के तीन जोड़े शामिल हुए। नवदंपतियों ने समारोह में की गई व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया। कार्यक्रम का संचालन एडीओ सहकारिता अमित कुमार सिंह ने किया।
योजना का महत्व और सहायता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अभय सिंह ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब बेटियों के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी उठाई है। ब्लॉक प्रमुख फयाराम वर्मा ने इस योजना को विश्व की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की बेटी के विवाह के लिए सीधे उसके बैंक खाते में एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है।
नवदंपतियों को मिले उपहार
योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके साथ ही नवदंपतियों को 31 प्रकार के उपहार भी प्रदान किए गए। इनमें साड़ी-ब्लाउज, शर्ट-पैंट का कपड़ा, रसोई सेट, खाने के बर्तन, कड़ाही, प्रेशर कुकर, मिक्सर और दो बर्नर वाला गैस चूल्हा शामिल था। इसके अलावा ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, प्रेस, डबल बेड की चादर, कंबल, गद्दा, तकिया, सिलाई मशीन, पायल-बिछिया, कंगन, अटैची, जूते-चप्पल तथा वर-वधू के लिए मेवे और देसी घी के लड्डू भी दिए गए।
फोटो 02-वैवाहिक बंधन में बंधे जोड़े-संवाद