अयोध्या। तीर्थनगरी अयोध्या में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इसके तहत अयोध्याधाम में करीब ढाई किलोमीटर लंबा आधुनिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे दर्शन मार्ग अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बन सकेगा। इस कॉरिडोर का उद्देश्य विशेष अवसरों, पर्वों और छुट्टियों के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करना है। प्रस्तावित कॉरिडोर में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, एलईडी संकेतक और आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था होगी।
लोक निर्माण विभाग अयोध्या प्रखंड की ओर से अयोध्या धाम के चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए ई-निविदा जारी की गई है। अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस कार्य के लिए 24 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है।
निविदा के अनुसार टेढ़ी बाजार से अशर्फी भवन मार्ग से राजघाट तक 230 लाख से मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, इसके अलावा 315 लाख से छोटी छावनी से पोस्ट ऑफिस मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही रानोपाली विद्या कुंड मार्ग से बाग बिजेसी होते हुए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन तक 315 लाख से दो लेन मार्ग चौड़ीकरण किया जाएगा। दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय से जानकी महल होते हुए रामपथ तक के मार्ग का 270 लाख से चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करने के लिए निविदा निकाली गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कॉरिडोर बनने से भीड़ का दबाव नियंत्रित रहेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।