अयोध्या। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन के पिता डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में अयोध्या में एक तीन मंजिला धर्मशाला का निर्माण प्रस्तावित है। करीब पांच हजार वर्गमीटर में बनने वाली इस धर्मशाला में 30 कमरे और चार सामूहिक शयनकक्ष प्रस्तावित हैं। इसके भू-तल पर एक लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार बताया कि निर्माण के लिए प्रस्तुत मानचित्र पर 15 दिन की आपत्ति अवधि मांगी है। अभी तक कोई आपत्ति नहीं मिली है, जिसमें करीब पांच दिन शेष हैं। प्रस्तावित लाइब्रेरी में कवि हरिवंशराय बच्चन की रचनाएं और साहित्यिक कृतियां रखी जाएंगी। इससे यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उनके साहित्य से परिचित हो सकेंगे। हरिवंशराय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट ने धर्मशाला निर्माण के लिए एडीए में मानचित्र प्रस्तुत किया है। प्रस्तावित भवन में श्रद्धालुओं और आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में अभिनंदन लोढ़ा समूह की द सरयू परियोजना में करीब 15 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी थी। इसी जमीन पर पिता की स्मृति में धर्मशाला बनाने की योजना है।
मानचित्र स्वीकृति होने के बाद शुरू होगा काम
एडीए सचिव राजेश कुमार ने बताया कि निर्धारित अवधि में आपत्ति आने पर उसके परीक्षण के लिए एक समिति गठित की जाएगी। आपत्ति नहीं आने की स्थिति में मानचित्र में आवश्यक संशोधन कर दोबारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद प्राधिकरण की टीम प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद नियमानुसार मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। निर्माण कार्य मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शुरू हो सकेगा।