अयोध्या। शहर के खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलने जा रहा है। वशिष्ठ कुंड वार्ड में 17.83 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महापौर गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
महापौर ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राममंदिर के निकट स्थित है। इसके संचालन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए इसे व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जिससे संचालन का खर्च भी उसी से निकाला जा सके। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती और खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों के लिए यह बड़ी सौगात है। इस मौके पर उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद रंजना यादव, विनय जायसवाल, सुशील मिश्र बबलू, रमाशंकर निषाद, सूर्यकुमार तिवारी, चंदन सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, अभिनव पांडेय, अजय पांडेय, ज्ञान केसरवानी और दीप कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
3064 वर्गमीटर में बनेगा भवन
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। करीब 4684 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस परिसर में 3064 वर्गमीटर में भवन बनेगा। इसमें 1372 वर्गमीटर का बेसमेंट, 1664 वर्गमीटर का भूतल, प्रथम और द्वितीय तल का निर्माण होगा। करीब 91 वर्गमीटर का टेरेस भी विकसित किया जाएगा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बास्केटबॉल, बैडमिंटन और कुश्ती के लिए कोर्ट बनाए जाएंगे। जिम्नेशियम, टेबल टेनिस हॉल और बहुउद्देशीय हॉल भी होगा।
10 खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों का सम्मान :
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाली 10 खेल प्रतिभाओं एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इनमें बास्केटबॉल कोच चंदेश्वर पांडेय, वॉलीबॉल के शिवेंद्र सिंह व अनुज मिश्रा, कबड्डी के मुकेश निषाद, एथलेटिक्स के गोलू मौर्य, क्रिकेट के रंगेशमणि त्रिपाठी, बैडमिंटन के अनूप दुबे, हॉकी के राजेश श्रीवास्तव, वॉलीबॉल के सालिकराम यादव और एथलेटिक्स की नीतू गुप्ता शामिल रहीं। इसके अलावा वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से साइकिलिंग में प्रतिभा दिखा रही 15 वर्षीय किशोरी बेबी को दिवंगत अमित सिंह अश्मित सम्मान दिया गया। सम्मान स्वरूप फाउंडेशन की ओर से उसे 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।