24-नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव विश्व विजय सिंह का स्वागत करते जिलाध्यक्ष व अन्य- संगठन
अयोध्या। कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव विश्व विजय सिंह ने कहा कि अयोध्या जनपद से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा मार्च में शामिल हों और पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मजबूती दें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जननायक राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी के मुद्दे पर शुरू किए गए अभियान को मजबूती देने में कांग्रेस कार्यकर्ता कोई कसर न छोड़ें।
रविवार को कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्व विजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संविधान रक्षा मार्च का नेतृत्व करने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह भाजपा पर वोट चोरी, महंगाई और संविधान की अवहेलना के आरोपों के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करे और मार्च में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करे।
इससे पहले नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव विश्व विजय सिंह का कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें रामलला का चित्र भेंट किया गया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पीसीसी सदस्य महेश वर्मा व राम अवध पासी, महेश वर्मा, वेद सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, कविंद्र साहनी, पंकज सिंह, भीम शुक्ला, डॉ. विनोद गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, युवक कांग्रेस अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, जनार्दन मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।