23 -नंदीग्राम महोत्सव में मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार - संवाद
सोहावल। नंदीग्राम महोत्सव में एक ओर जहां 251 जड़ी-बूटियों से पंच कुंडीय महायज्ञ का आयोजन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर राम कथा और भक्ति सुरों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा है। महोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को एक साथ जोड़ दिया है।
महोत्सव के दौरान रात्रिकालीन सांस्कृतिक संध्या में भक्ति और लोकगीतों की रसधारा बह निकली। गोविंद बोलो....हरि गोपाल बोलो जैसे भजनों पर दर्शक झूमते और नृत्य करते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ भिखारी बाबा जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी ने किया। इस मौके पर दक्षिण मुखी भरत गुफा के महंत परमात्मा दास, बाल कथा व्यास संपूर्णानंद और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमला शंकर पांडेय सहित अन्य उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत महंत कमलनयन दास ने भरतजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। भोजपुरी गीत, भजन और लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं मनीष कुमार की फरवाही नृत्य प्रस्तुति आकर्षक रही। आराध्या गौतम और शशिकांत द्विवेदी के भजन-नृत्य संयोजन ने कार्यक्रम को चरम पर पहुंचाया। दिल्ली से आए प्रसिद्ध गायक शनि द्विवेदी ने अपने भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम के बीच बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, शैलेंद्र पांडेय मोनू, कृपा निधान तिवारी, सोमनाथ बाबा, विमल दुबे, रमाकांत पांडेय, सूर्यकांत पांडेय, विवेकानंद तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।