अयोध्या। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में नेवादा-बिबियापुर मार्ग पर तमसा नदी पर पुल का निर्माण होगा। तमसा नदी पर करीब 11़ 30 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण किए जाने की तैयारी है। शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पांच करोड़ 65 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, प्रक्रिया पूरी होते ही नए साल में निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
तमसा नदी को रामायण कालीन माना जाता है। मान्यता है कि वन गमन के दौरान श्रीराम ने तमसा नदी के तट पर विश्राम किया था। सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल के अनुसार यह टू लेन पुल 7.50 मीटर चौड़ा और लगभग 80 मीटर लंबा है। नए पुल की सबसे बड़ी उपयोगिता आसपास के ग्रामीणों के लिए भरतकुंड की परिक्रमा होगी, जो इसके निर्माण से आसान हो जाएगी। तमसा पर इसी के पास दूसरा पुल संकरा और बहुत जर्जर है। बरसात में इस पर आने जाने से खतरा बना रहता था। नए पुल निर्माण से आवागमन आसान हो जाएगा।
नंदीग्राम भदरसा मार्ग दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग से जुड़ जाएगा। पिपरी-जलालपुरमाफी संपर्क मार्ग होते हुए लगभग 3.42 किमी.दूरी पर एनएच का दशरथपुर गांव भी इसके जरिये जुड़ेगा। इसके अलावा पुल के बन जाने से दोनों किनारों के गांवों औ कस्बों के बीच आवागमन सुगम होगा, साथ ही व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।