फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के 82 कैमरे बंद

Wed, 30 Sep 2026 01:09 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर लगे 208 सीसीटीवी कैमरों में से 82 बंद हैं। मंगलवार को स्टेशन परिसर में 126 कैमरे ही सक्रिय मिले। यह स्थिति ऐसे समय है, जब 25 सितंबर की देर शाम स्टेशन की गैलरी में सो रही छह वर्षीय बालिका दिव्या का अपहरण हो गया था। जीआरपी ने अगले दिन अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की थी। येलो जोन के कैमरे में एक संदिग्ध युवक बालिका को साथ ले जाते दिखाई दिया है।
विज्ञापन

घटना के बाद स्टेशन की सीसीटीवी व्यवस्था की पड़ताल में कई खामियां सामने आईं। कैमरों से लाइव निगरानी तो हो रही है, लेकिन घटना की जांच के लिए पुरानी रिकॉर्डिंग स्टोर नहीं हो पा रही है। इससे संदिग्ध की गतिविधियों का पूरा रूट खंगालना चुनौतीपूर्ण हो गया है। बालिका को संदिग्ध किस रास्ते से और किन परिस्थितियों में स्टेशन परिसर से बाहर ले गया, इसकी पुष्टि कैमरों की फुटेज से नहीं हो पा रही है।

पश्चिमी छोर पर टूटा मिला कैमरा

दोपहर 12:47 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर लगा एक कैमरा टूटा मिला। इस हिस्से में यात्रियों की आवाजाही रहती है। कैमरा खराब होने से यहां आने-जाने वालों की गतिविधियों की निगरानी प्रभावित हो सकती है। बालिका के अपहरण के मामले में संदिग्ध का रूट पता करने के लिए स्टेशन के हर हिस्से की फुटेज अहम है।
विज्ञापन


जमीन की ओर झुका मिला कैमरा

दोपहर 12:56 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन पर लगे कुछ कैमरों पर जाले मिले। पूर्वी दिशा में लगा एक कैमरा जमीन की ओर झुका था। इससे उसका कवरेज क्षेत्र कम हो गया था। कैमरे के कुछ तार भी बाहर निकले थे। इस हिस्से की गतिविधियां पूरी तरह रिकॉर्ड हो रही हैं या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका।

वेटिंग एरिया में नहीं दिखे सुरक्षा जवान

स्टेशन के नए परिसर में ऊपर बने वेटिंग एरिया में दोपहर करीब 12:53 बजे कोई सुरक्षा जवान नजर नहीं आया। प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन पर भी इस दौरान सुरक्षा कर्मी दिखाई नहीं दिए। यह स्थिति बालिका के लापता होने की घटना के तीन दिन बाद सामने आई।



स्टेशन परिसर में सुरक्षा कर्मी लगाए गए हैं। ट्रेन आने के दौरान सुरक्षा जवान यात्रियों की सुरक्षा में लगे रहते हैं। कुछ कैमरे बंद हैं, जिन्हें रिपेयर कराया जा रहा है। चालू कैमरों को बंदर भी तोड़ देते हैं।
विज्ञापन

- नीरव मिश्रा, आरपीएम प्रभारी, धाम जंक्शन



बालिका की तलाश जारी है। अभी कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच चल रही है।
- अनिल प्रकाश, जीआरपी प्रभारी, कैंट स्टेशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें