8- नगर निगम कार्यालय में बैठक करते महापौर व नगर आयुक्त- नगर निगम
अयोध्या। राम की पैड़ी पर दीपोत्सव के बाद बचे हुए दीप उठाने के लिए 792 कर्मचारी लगाए जाएंगे। इस दौरान रामकथा पार्क, वाटर कियोस्क और शौचालयों की विशेष सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही गरीबों की बस्ती में भ्रमण कर नगर निगम के अफसर व कर्मियों की ओर से उपहार वितरित किया जाएगा।
यह निर्णय नगर निगम कार्यालय में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रविवार तक दीपोत्सव की सभी तैयारी पूरी करते हुए ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर दिया जाए। उन्हें परिचय पत्र भी जारी कर दिए जाएं, ताकि उस दिन किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। उदया चौराहे के पास टॉयलेट व पानी की व्यवस्था रखने, साकेत महाविद्यालय सहित तीन स्थानों पर बनाई गई पार्किंग में प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि कूड़ा उठाने के लिए वाहनों की तैनाती कर दी जाए। स्थायी और मोबाइल शौचालय की विशेष सफाई सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने 510 बायो टॉयलेट, रामकथा पार्क, फुटपाथ और घाटों की सफाई का काम समय से पहले पूरा कर लेने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भरत भार्गव व सुमित कुमार समेत सभी विभागाध्यक्ष मौजूद थे।
फूलों और लड़ियों से सजाए जाएंगे चौक-चौराहे व अंडरपास
अयोध्या। दीपोत्सव के मौके पर रामपथ के साथ अयोध्या के चौक-चौराहे और अंडरपास को फूलों व बिजली की झालरों से सजाया जाएगा। इस संबंध में सरकारी और निजी बैंकों की सहायता ली जाएगी। यह निर्णय महापौर ने बैंक अधिकारियों के साथ नगर निगम में आयोजित बैठक में लिया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए लता मंगेशकर चौक से राम मंदिर तक रामपथ पर भव्य सजावट की जाएगी। इसके साथ ही अयोध्या की ओर आने वाले सभी चौराहों व अंडर पास को सजाया जाएगा। रामनगरी में स्थापित देवी-देवताओं, संतों और महापुरुषों की मूर्तियों को सजाया जाएगा। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि लता चौक, तिवारी मंदिर, आरती स्थल, राम जन्मभूमि के प्रवेश द्वार को सेल्फी पॉइंट के रूप में तब्दील किया जाएगा।