अयोध्या। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को जिले में 79.64 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के 15 मतदेय स्थलों पर पंजीकृत 3084 मतदाताओं में से 2417 ने मताधिकार का प्रयोग किया। मवई में सर्वाधिक 88.14 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि शहर स्थित नगर निगम कार्यालय भवन स्थित मतदान केंद्र पर सबसे कम 68.42 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में मतदाताओं की आवाजाही कम रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदान ने रफ्तार पकड़ी। जिले में 2141 पुरुष और 943 महिला मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 1791 पुरुषों और 626 महिलाओं ने वोट डाले। इस तरह कुल 2417 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मयाबाजार और रुदौली में 86.60-86.60 प्रतिशत मतदान हुआ। सोहावल में 80.29, बीकापुर में 79.41, मिल्कीपुर में 78.99, हैरिंग्टनगंज में 76.76 और अमानीगंज में 76.12 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। मसौधा में 70.35 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा अयोध्या में नगर निगम कार्यालय भवन के मतदान केंद्र पर 72.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चुनाव में भाजपा और सपा के बीच मुख्य मुकाबला रहा।
मतदाता सूची में नाम की गड़बड़ी की शिकायत
अयोध्या धाम स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में बने मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में दो नाम गलत दर्ज होने की शिकायत सामने आई। संबंधित मतदाताओं को आधार कार्ड के आधार पर मतदान का अवसर दिया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अन्य केंद्रों पर भी मतदाता सूची में नाम की गड़बड़ियां सामने आईं। हालांकि, मतदाताओं को मतदान करने में परेशानी नहीं हुई।
शिक्षक मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
ब्लॉकों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह मतदान की गति धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की आवाजाही बढ़ती गई। सोहावल के चौधरी चरण सिंह सभागार में 345 में से 277 मतदाताओं ने वोट डाले। रुदौली में 209 में से 181 और मवई में 104 मतदाताओं ने मतदान किया।
मिल्कीपुर में 238 में से 188, हैरिंग्टनगंज में 142 में से 109 और अमानीगंज में 335 में से 255 मतदाताओं ने वोट डाले। तारुन में 167 में से 146, पूराबाजार में 263 में से 223 और बीकापुर में 136 में से 108 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मयाबाजार में 194 में से 168 और मसौधा में 172 में से 121 मतदाताओं ने वोट डाले। कई अन्य केंद्रों पर भी मतदाताओं की भीड़ दिखी।