अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर 23 जून को ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही राम मंदिर परिसर के सभी उप मंदिरों पर ध्वजा स्थापना का कार्य पूर्ण हो जाएगा। समारोह को राम मंदिर के मुख्य शिखर पर हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम की तर्ज पर भव्य रूप दिया जा रहा है, जिसमें जिले के सभी ब्लॉकों और गांवों से भी श्रद्धालुओं व विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भीषण गर्मी पड़ रही है, इसलिए आयोजन शाम चार बजे के बाद शुरू होगा। ठीक शाम छह बजे शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से उन्हें औपचारिक आमंत्रण भेजा गया था, जिस पर उन्होंने अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
चंपत राय ने बताया कि ध्वजारोहण समारोह में अलग-अलग मंदिरों के लिए अलग-अलग वर्ग के लोगों को मेहमान बनाया गया। मंदिर आंदोलन के कारसेवक, युवा, मातृशक्ति, साधु-संत, संघ, विहिप व भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी ध्वजारोहण का हिस्सा बन चुके हैं। इस बार पूरे जिले के सभी गांवों, तहसीलों व ब्लॉकों से कम से कम तीन लोगों को मेहमान के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम सामान्य वर्ग पर केंद्रित होगा। मेहमानों की संख्या छह हजार से अधिक होने की उम्मीद है। गर्मी व बरसात से निपटने के उपायों पर मंथन किया जा रहा है। मेहमानों को सोशल मीडिया के जरिये आमंत्रण भेजा रहा है, फिर फोन कॉल कर सूचित भी किया जाएगा।
अब केवल शेषावतार मंदिर पर ध्वजारोहण शेष
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि राम मंदिर परिसर में निर्मित सभी उप मंदिरों के शिखरों पर ध्वजारोहण का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। केवल शेषावतार मंदिर पर ध्वजारोहण शेष था, जिसे अब 23 जून को संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद मंदिर परिसर के सभी उप मंदिरों पर ध्वजा स्थापना का कार्य पूर्ण माना जाएगा। मंदिर परिसर में सुरक्षा, यातायात, स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।