बीकापुर। नौकरी और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत मकान दिलाने के नाम पर कई लोगों से करीब 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित धनीराम यादव की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धनीराम यादव के मुताबिक, पड़ोसी गांव गुंधौर निवासी राम संवारे वर्मा ने उनकी मुलाकात अपने रिश्तेदार अरुण कुमार वर्मा से कराई थी। अरुण ने खुद को गृह मंत्रालय में कार्यरत और ओम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड का मालिक बताया। आरोप है कि उसने भारत पेट्रोलियम में नौकरी और सचिवालय में संविदा पर बाबू की नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
अक्तूबर 2018 से वर्ष 2019-20 के बीच आरोपियों ने धनीराम यादव, उनके भाई मनीराम और अन्य रिश्तेदारों से अलग-अलग रकम ली। पीड़ितों का दावा है कि आरोपियों ने उनसे कुल करीब 60 लाख रुपये लिए। इसके बाद न नौकरी मिली और न ही आवास योजना के तहत मकान। सीओ दिनेश गोदारा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।